भोपाल / नर्मदापुरम: मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में किसानों को ट्रैक्टर, ट्रॉली और हार्वेस्टर निकालने में होने वाली परेशानी जल्द दूर होने जा रही है। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) ने नए रेलवे अंडरपास की ऊंचाई कम से कम 5.5 मीटर रखने की दिशा में कदम बढ़ाया है, जिससे पहले बने 3.5 से 4 मीटर के संकरे अंडरपास के कारण आने वाली दिक्कतें खत्म हो सकें।
ऊंचाई बढ़ाने और दो-लेन चौड़ाई का मानक
होशंगाबाद (नर्मदापुरम) के सांसद दर्शन सिंह चौधरी द्वारा पमरे की बैठकों में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद रेलवे प्रशासन ने बड़े कृषि वाहनों के सुगम आवागमन के अनुरूप डिजाइन सुधारों पर जोर दिया है। दो-लेन अंडरपास के लिए चौड़ाई 10 से 12 मीटर और ऊंचाई 5.5 मीटर या उससे अधिक रखने का मानक तय किया गया है।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मधुर शर्मा ने बताया कि अंडरपास निर्माण में पर्याप्त क्लियरेंस के साथ मजबूत जलनिकासी और बड़े कल्वर्ट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि मानसून के दौरान पानी न भरे।
वैकल्पिक कृषि मार्ग और भोपाल में भी विस्तार कार्य
नर्मदापुरम और जबलपुर मंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि प्रभावित होने पर चार गुना मुआवजा व वैकल्पिक खेत रास्ते उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई है। वहीं राजधानी भोपाल में ऐशबाग रेलवे अंडरपास के चौड़ीकरण कार्य को भी गति दी जा रही है, जिससे शहर के यात्रियों को जाम से राहत मिल सके।




