जबलपुर: मध्य प्रदेश में 27 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण से जुड़े मामले में राज्य सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट में दायर विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) पर सुनवाई में हो रही देरी पर ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताई है।
याचिका में तकनीकी खामियों के आरोप
एसोसिएशन के सचिव रामभजन लोधी और अधिवक्ता रामेश्वर सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि 9 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर द्वारा दिए गए आदेश के खिलाफ दायर एसएलपी में रह गई तकनीकी त्रुटियों का समय पर निराकरण न होने से सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई सूचीबद्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल खामियां दूर कर शीघ्र सुनवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
हाईकोर्ट के अक्टूबर के आदेश के बाद राज्य की भर्तियों और प्रवेश प्रक्रियाओं में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जनसंख्या अनुपात और संवैधानिक समानता की दलील
याचिकाकर्ता पक्ष के अधिवक्ताओं का कहना है कि मध्य प्रदेश में ओबीसी वर्ग की आबादी लगभग 51 प्रतिशत है, लेकिन वर्तमान में केवल 14 प्रतिशत आरक्षण ही लागू हो पा रहा है, जबकि अनुसूचित जाति को 16 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति को 20 प्रतिशत आबादी के अनुपात में लाभ मिल रहा है। उनका तर्क है कि समानुपातिक आरक्षण न मिलना संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत समानता के अधिकार के विपरीत है।




