भोपाल: राजधानी के प्रस्तावित भोपाल मास्टर प्लान 2047 को लेकर पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े मुद्दे फिर केंद्र में आ गए हैं। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के एक पूर्व पत्र के हवाले से केरवा-कलियासोत वन और राजस्व क्षेत्र में प्रस्तावित तीन नई सड़कों पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई गई है, जो रातापानी टाइगर रिजर्व से जुड़े लगभग 45 बाघों का सक्रिय विचरण क्षेत्र माना जाता है।
एनजीटी आदेश और तीन सड़कों का विरोध
पर्यावरण कार्यकर्ता राशिद नूर खान ने टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी) विभाग को दर्ज आपत्ति में 11 अगस्त 2020 के उस पत्र का उल्लेख किया है, जिसे तत्कालीन एनटीसीए सदस्य सचिव एसपी यादव ने पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को भेजा था। पत्र में केरवा और कलियासोत बेल्ट में संस्थागत और सड़क निर्माण रोकने की चेतावनी दी गई थी।
आपत्तियों के अनुसार मास्टर प्लान 2047 में अकबरपुर से मंदोरी तक 60 मीटर चौड़ी सड़क, चिचली से मंदोरा होते हुए मंदोरी तक 45 मीटर सड़क और सतगढ़ी-चंदनपुरा-दौलतपुर से चिचली तक 24 मीटर चौड़ी सड़क प्रस्तावित की गई है। याचिकाकर्ताओं ने इसके खिलाफ 6 फरवरी 2020 के एनजीटी आदेश और मार्च 2019 की वन विभाग की रिपोर्ट का हवाला दिया है।
66 गांवों के किसानों का प्रदर्शन और 319 आपत्तियां
वन्यजीव कॉरिडोर के अलावा बड़े तालाब के आसपास भूमि उपयोग परिवर्तन को लेकर 66 गांवों के किसानों ने भी हाल ही में टीएंडसीपी कार्यालय की ओर मार्च कर विरोध जताया था, जिन्हें नीलबड़ के पास रोका गया। टीएंडसीपी अधिकारियों के अनुसार मसौदा योजना पर कुल 319 जन आपत्तियां प्राप्त कर विचार के लिए स्वीकार की गई हैं।




