बालाघाट: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के डोरलीग्राम (डोरली माल) गांव में महाराष्ट्र और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 24 नवंबर 2026 को एक खेत से 3.40 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। यह रकम नागपुर में हुई 3.74 करोड़ रुपये की सनसनीखेज लूट से जुड़ी है, जिसे मवेशियों के चारे के ढेर के नीचे तीन बोरियों में छिपाकर रखा गया था।
रिश्तेदार के खेत में छिपाया था लूट का पैसा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 18 नवंबर की रात नागपुर के शांतिनगर थाना अंतर्गत तुलसी नगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने व्यवसायी सुरेश परमार के कर्मचारियों से भरी कार को लूट लिया था, जिसमें 3.74 करोड़ रुपये रखे थे। आरोपी कार को कामठी रोड पर खैरी क्षेत्र में छोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए थे।
पूछताछ में आरोपी शुभम से मिली जानकारी के बाद नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार सुबह उसे लेकर बालाघाट के डोरलीग्राम पहुंची। पुलिस ने उसके बहनोई अरविंद डहरवाल के खेत में तलाशी ली, जहां करीब चार दिन पहले चारे के नीचे नकदी की बोरियां छिपाई गई थीं।
अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय से सफलता
बालाघाट के पुलिस अधीक्षक मलय जैन ने बताया कि ग्रामीणों ने भी पुलिस को जानकारी दी थी कि शुभम कार से अपने रिश्तेदार के घर पहुंचा था और सामान उतारते देखा गया था। बालाघाट पुलिस ने बरामदगी के दौरान महाराष्ट्र पुलिस को पूरा सहयोग प्रदान किया, जबकि शेष राशि और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।




