मध्य प्रदेश में पारंपरिक वन-आधारित आहार और शहरी खानपान के प्रभावों पर किए गए एक नए वैज्ञानिक अध्ययन में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। सेल प्रेस की प्रतिष्ठित पत्रिका आईसाइंस (iScience) में प्रकाशित इस शोध के अनुसार, राज्य की विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) बैगा समुदाय के लोगों की आंतों में शहरी भोपाल के निवासियों की तुलना में लगभग ढाई गुना अधिक फाइबर पचाने वाले लाभकारी बैक्टीरिया पाए गए हैं।
बैगा और भोपाल के 50 वयस्कों पर मेटाजेनोमिक शोध
माइक्रोबायोम शोध संस्थान ल्यूसिन रिच बायो के मुख्य अन्वेषक डॉ. देबोज्योति धर के नेतृत्व में वैज्ञानिकों ने शॉटगन मेटाजेनोमिक सीक्वेंसिंग तकनीक से समान आयु वर्ग के 50 वयस्कों (मध्य प्रदेश की बैगा जनजाति के 25 और शहरी भोपाल के 25 प्रतिभागियों) के नमूनों का विश्लेषण किया। बैगा समूह में माइक्रोबियल अल्फा विविधता और प्रजातियों का संतुलन कहीं अधिक समृद्ध मिला।
अध्ययन में जटिल पादप रेशों को तोड़कर शॉर्ट-चेन फैटी एसिड बनाने वाले रोज़बुरिया (बैगा समूह में लगभग 5.4 प्रतिशत बनाम भोपाल में 2.3 प्रतिशत), फेकैलिबैक्टीरियम प्राउसनिट्ज़ी, रुमिनोकोकस और सक्सिनिविब्रियो जैसे बैक्टीरिया बैगा प्रतिभागियों में काफी अधिक पाए गए।
जंगली साग-मोटे अनाज बनाम पैकेज्ड शहरी स्नैक्स
शोधकर्ताओं के अनुसार बैगा समुदाय के आहार में जंगली कंद-मूल, हरी पत्तियां, मशरूम, बांस के कोमल अंकुर और मोटे अनाज (मिलेट्स) प्रमुख हैं। इसके विपरीत, बिस्कुट, मैदा स्नैक्स और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन करने वाले भोपाल के शहरी प्रतिभागियों में पाइलासवायरस और ड्रुलिसवायरस जैसे बैक्टीरियोफेज, शिगेलोसिस से जुड़े जैविक मार्ग और एंटीबायोटिक प्रतिरोध जीन अधिक स्तर पर पाए गए।




