मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने सेंट्रल जेल में बंद कैंसर पीड़ित कैदी नरहरि के इलाज में लगातार लापरवाही और हलफनामे में तथ्य छिपाने के आरोप में पुलिस लाइन के आरक्षित निरीक्षक (आरआई) रंजीत सिंह सिकरवार को अवमानना नोटिस जारी किया है। जस्टिस जीएस अहलूवालिया और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने 25 नवंबर 2026 को सुनवाई करते हुए पुलिस और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई।
मार्च से नवंबर के बीच 34 मांग पत्रों पर नहीं मिला बल
अदालत के सामने आए रिकॉर्ड के अनुसार कैदी नरहरि की 4 दिसंबर 2025 को एम्स नई दिल्ली में जांच हुई थी और 12 मार्च 2026 को फॉलो-अप के लिए तारीख तय थी। जेल प्रशासन ने 10 मार्च से 3 नवंबर 2026 के बीच पुलिस एस्कॉर्ट गार्ड उपलब्ध कराने के लिए 34 बार लिखित अनुरोध भेजे, लेकिन पुलिस गार्ड नहीं मिलने से मरीज को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका।
इससे पहले इसी मामले में अधिकारियों की माफी और 75,000 रुपये हर्जाने का आदेश हो चुका था, लेकिन आरआई के हलफनामे में तथ्यों को कथित रूप से छिपाने पर कोर्ट ने फिर कड़ा रुख अपनाया।
मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजी जाएगी आदेश की प्रति
हाईकोर्ट ने आरआई सिकरवार को अवमानना नोटिस जारी करते हुए मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर 2026 तय की है। खंडपीठ ने प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आदेश की प्रति मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजने का भी निर्देश दिया है।




