मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने सरकारी पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं में घटिया गुणवत्ता वाले तीन-परत हाई-डेंसिटी पॉलीइथाइलीन (एचडीपीई) पाइप के इस्तेमाल के आरोप वाली जनहित याचिका पर केंद्र और राज्य सरकार को नोटिस जारी कर छह सप्ताह में जवाब तलब किया है।
भागीरथपुरा हादसे के बाद याचिका में गंभीर आरोप
याचिकाकर्ता घनश्याम गुप्ता की ओर से अधिवक्ता अमोल श्रीवास्तव ने इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से 36 मौतों का हवाला देते हुए यह जनहित याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि देशभर में 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की जल आपूर्ति व सिंचाई योजनाओं में कुछ कंपनियां वर्जिन पॉलीइथाइलीन रेज़िन के बजाय तीन-परत पाइप की मध्य परत में रीसाइकिल्ड प्लास्टिक मिला रही हैं।
बीएसआई जांच और विभागीय परिपत्र के पालन का निर्देश
याचिका में भारतीय मानक ब्यूरो (बीएसआई) की जांच प्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं कि कच्चे माल की फैक्ट्री स्तर पर ऑडिट के बजाय केवल तैयार पाइप की जांच की जाती है, जिससे घटिया पाइप जमीन के भीतर जल्दी क्षतिग्रस्त होकर पेयजल संदूषण का खतरा बढ़ाते हैं।
अदालत ने जल संसाधन विभाग द्वारा गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर जारी परिपत्र के सख्त पालन का निर्देश देते हुए अगली सुनवाई 1 फरवरी 2027 से शुरू होने वाले सप्ताह में तय की है।




