मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज अंतर्गत मनकी बीट के कक्ष क्रमांक पी-390 में 26 नवंबर 2026 को एक वयस्क बाघिन का शव बरामद होने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र से सटे इस इलाके में बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा कसा मिला है, जिससे अवैध शिकार की आशंका गहरा गई है।
गले के गहरे घाव से कई दिन तक तड़पने की आशंका
मौके पर मिले निशानों के मुताबिक, बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा बेहद मजबूती से फंसा था और गहरे घाव इस बात की ओर इशारा करते हैं कि वह दम घुटने से पहले कई दिनों तक फंदे से निकलने के लिए संघर्ष करती रही।
डॉग स्क्वॉड के साथ शिकारियों की तलाश
सूचना मिलते ही एसडीओ कृष्णा मरावी और रेंज अधिकारी अजय बाजपेयी वन अमले व डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। संदिग्ध शिकारियों के सुराग तलाशने के लिए आसपास के जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया है, जबकि बाघिन के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई है।
वन अधिकारियों ने टाइगर रिजर्व से सटे बफर व क्षेत्रीय वन खंडों में गश्त बढ़ाने और अन्य संभावित फंदों की जांच के निर्देश दिए हैं।




