मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने महत्वपूर्ण निर्णय में कहा है कि पत्नी के पास डेंटिस्ट या कोई अन्य पेशेवर डिग्री होना भर उसे भरण-पोषण से वंचित करने का आधार नहीं बन सकता, जब तक पति ठोस साक्ष्यों से यह साबित न कर दे कि वह वास्तव में नियमित आय अर्जित कर रही है। डॉ. संदीप नाहटा बनाम श्रीमती दीपा उर्फ जया नाहटा मामले (2026:MPHC-GWL:33362) में न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र यादव ने 4 दिसंबर 2023 के फैमिली कोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली पति की पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी।
तलाक डिक्री और 498-ए में बरी होने का तर्क भी अस्वीकार
फैमिली कोर्ट ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 125 (अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 144) के तहत पत्नी को 6,000 रुपये और नाबालिग बेटी को 5,000 रुपये प्रतिमाह यानी कुल 11,000 रुपये मासिक भरण-पोषण देने का आदेश दिया था। पति ने दलील दी थी कि पत्नी बीडीएस डिग्रीधारक है और 40 से 50 हजार रुपये प्रतिमाह कमाती है, लेकिन वह इसका कोई दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।
हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि क्रूरता के आधार पर पारित तलाक की डिक्री—जिस पर 15 लाख रुपये स्थायी गुजारा भत्ते के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी लंबित है—अथवा आईपीसी धारा 498-ए में बरी होना पत्नी के वैधानिक भरण-पोषण अधिकार को समाप्त नहीं करता।
बढ़े वेतन के आधार पर धारा 127 में आवेदन की छूट
दूसरी ओर, पत्नी और बेटी की ओर से दायर याचिका में मांग की गई थी कि सातवें वेतनमान के तहत पति का मासिक वेतन पहले दर्ज 56,400 रुपये से बढ़कर एक लाख रुपये से अधिक हो चुका है, इसलिए भत्ता बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रतिमाह किया जाए।
हाईकोर्ट ने इस संबंध में सीधे आदेश पारित करने के बजाय आवेदकों को बदली हुई आर्थिक परिस्थितियों के आधार पर फैमिली कोर्ट में धारा 127 सीआरपीसी के अंतर्गत संशोधन आवेदन देने की स्वतंत्रता प्रदान करते हुए याचिका का निस्तारण किया।




