मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित केंद्रीय जेल के प्रशासनिक जेलर मगनू सिंह मरावी के खिलाफ गांधी नगर थाना पुलिस ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। 58 वर्षीय महिला जेल प्रहरी ने आरोप लगाया है कि 27 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे जेल परिसर में गश्त ड्यूटी के दौरान जेलर ने उनके साथ दुष्कर्म किया।
मेडिकल परीक्षण और सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी
पीड़ित महिला प्रहरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात की ड्यूटी के समय आरोपी अधिकारी ने उन्हें परिसर में बुलाकर जबरन वारदात को अंजाम दिया और किसी को बताने पर धमकाया। शिकायत मिलते ही गांधी नगर पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर मगनू सिंह मरावी को हिरासत में ले लिया।
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक प्रभावती शर्मा ने पुष्टि की कि पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण और घटनास्थल का मुआयना कराया गया है तथा जेल परिसर के सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी रोस्टर की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
पूर्व पदस्थापना और विभागीय रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में
पुलिस व जेल प्रशासन से जुड़े सूत्रों के अनुसार मगनू सिंह मरावी अगस्त 2024 से भोपाल सेंट्रल जेल में पदस्थ थे और इससे पहले उमरिया जिला जेल में सेवाएं दे चुके थे। जांच के दौरान 2017 से संबंधित पूर्व शिकायतों और विभागीय जांच के रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जा रही है।
जेल मुख्यालय के अधिकारियों ने कहा है कि पुलिस जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है और तथ्यों के आधार पर विभागीय कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।




