मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत वाईएन रोड पर रांका मेंशन के पास रहने वाले सरकारी ठेकेदार राजेश जैन के घर से करीब 1.57 करोड़ रुपये कीमत के 1 किलो 340 ग्राम सोने और हीरे के आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार 27 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे जब उनकी पत्नी ने सात-लीवर वाली गोदरेज की तिजोरी खोली तो उसमें से प्रमुख आभूषण गायब मिले।
धनतेरस से पहले रखे 25 साल पुराने गहने गायब, छोटे जेवर बचे
पुलिस को दिए लिखित आवेदन में जैन ने बताया कि तिजोरी में धनतेरस से पहले से एक डायमंड सेट और सोने के दस सेट रखे हुए थे, जिनमें से कई जेवर 25 से 26 वर्ष पुराने पारिवारिक आभूषण थे। हैरानी की बात यह रही कि भारी सेट गायब होने के बावजूद तिजोरी के अंदर रखे छोटे गहनों को हाथ नहीं लगाया गया।
तिजोरी को बिना तोड़े चुनिंदा कीमती सेट निकाले जाने को देखते हुए पुलिस मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटा रही है।
परिचित या घरेलू स्टाफ पर संदेह, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
परिवार ने आशंका जताई है कि घर की व्यवस्था और तिजोरी की जानकारी रखने वाले किसी आगंतुक या घरेलू कर्मचारी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया होगा। तुकोगंज पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने के साथ-साथ घर में काम करने वाले कर्मचारियों व नियमित आने-जाने वालों से पूछताछ कर रही है।




