रीवा जिले में 74 वर्षीय सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी से शादी का झांसा देकर करीब नौ महीनों में 12.11 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत और जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद अब विश्वविद्यालय थाना पुलिस और साइबर सेल संदिग्ध बैंक खातों व कॉल विवरण के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
फर्जी बीमारी के नाम पर नौ माह तक वसूली
पुलिस के अनुसार रीवा में अकेले रहने वाले बुजुर्ग पूर्व सैनिक ने नवंबर 2025 में पुनर्विवाह की इच्छा से एक ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म पर प्रोफाइल बनाई थी। इसके बाद खुद को उज्जैन निवासी सरस्वती उपाध्याय बताने वाली एक महिला ने उनसे लगातार संवाद शुरू कर भरोसा जीता। कुछ समय बाद एक अन्य व्यक्ति ने कॉल कर बताया कि महिला गिरने के कारण सिर में गंभीर चोट से अस्पताल में भर्ती है और तत्काल इलाज के लिए रकम चाहिए।
सहायता के नाम पर पीड़ित ने कई किश्तों में एटीएम कियोस्क और पेटीएम के माध्यम से कुल 12.11 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने प्रत्यक्ष मुलाकात की मांग की या रकम लौटाने को कहा, तो आरोपियों ने सभी मोबाइल नंबर बंद कर दिए।
बैंक खातों की पड़ताल में जुटी साइबर टीम
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक शिकायत के बाद विधिवत जांच शुरू कर दी गई है और ट्रांजेक्शन से जुड़े बैंक खातों तथा डिजिटल वॉलेट की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों से ऑनलाइन परिचय के आधार पर बिना सत्यापन के धनराशि न भेजने की अपील की है।




