सागर जिला प्रशासन द्वारा शराब की दुकानों के बाहर ग्राहकों की स्वास्थ्य जांच और रक्त परीक्षण के लिए सरकारी चिकित्सकों की ड्यूटी लगाए जाने के आदेश का इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की मध्य प्रदेश इकाई ने कड़ा विरोध किया है। संगठन ने शुक्रवार 27 नवंबर को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग संभाल रहे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला को पत्र लिखकर इस आदेश को अव्यावहारिक बताते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई।
क्यों जारी हुआ था सागर प्रशासन का आदेश
सागर के बंडा क्षेत्र में सितंबर के दौरान कथित जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद एहतियात के तौर पर प्रशासन ने शराब दुकानों के बाहर आने वाले लोगों की प्रारंभिक चिकित्सा जांच के लिए स्वास्थ्य अमले की तैनाती का निर्देश दिया था।
स्टाफ की कमी और महिला सुरक्षा का हवाला
आईएमए मध्य प्रदेश शाखा ने अपने पत्र में कहा कि जिला अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहले ही डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की भारी कमी है, ऐसे में चिकित्सकों को वार्ड और आपातकालीन सेवाओं से हटाकर शराब दुकानों के बाहर बैठाना उचित नहीं है। संगठन ने खास तौर पर महिला चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा व कार्यस्थल की मर्यादा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई।
चिकित्सक संगठन ने मांग की कि अवैध या मिलावटी शराब पर रोक लगाने का कार्य आबकारी व पुलिस विभाग की विशेष टीमों से कराया जाए और सागर प्रशासन का संबंधित आदेश तुरंत रद्द किया जाए।




