मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में उत्तर वन मंडल अंतर्गत मंकी-कटारिया वन क्षेत्र में शिकारियों द्वारा लगाए गए क्लच-वायर के फंदे में फंसकर एक वयस्क बाघिन की मौत हो गई। बुधवार 25 नवंबर को बाघिन का शव मिलने के बाद पन्ना टाइगर रिजर्व और उत्तर वन मंडल की टीमों ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। इस घटना के साथ ही इस वर्ष राज्य में बाघों की मौत का आंकड़ा कम से कम 60 तक पहुंच गया है।
जंगली सूअर के फंदे में फंसने की आशंका
वन अधिकारियों के शुरुआती आकलन के अनुसार संभवतः जंगली सूअरों के शिकार के लिए कॉरिडोर क्षेत्र में क्लच-वायर का फंदा लगाया गया था, जिसकी चपेट में बाघिन आ गई। घटनास्थल के आसपास डॉग स्क्वायड की मदद से सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है और पोस्टमार्टम के बाद साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बाघ सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इससे पहले 19 नवंबर को बांधवगढ़ के मानपुर बफर जोन में एक बाघ की मौत के बाद प्रदेश में मृत बाघों की संख्या 59 दर्ज हुई थी, जो पन्ना की घटना के बाद बढ़कर 60 हो गई है। वन्यजीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने कोर क्षेत्र से बाहर सामान्य वन मंडलों में फंदों से हो रही मौतों पर चिंता जताते हुए गश्त तेज करने और जवाबदेही तय करने की मांग की है।




