मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर पीठ ने मेसर्स अल्ट्रा स्टील और मेसर्स बुंदेलखंड ट्रेडर्स का जीएसटी पंजीयन पूर्वव्यापी प्रभाव से रद्द किए जाने के आदेशों को खारिज कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल कानूनी शब्दावली दोहराने वाले अस्पष्ट कारण बताओ नोटिस और सुनवाई के उचित अवसर के बिना की गई कार्रवाई प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन है।
दोनों व्यापारिक फर्मों ने रद्द आदेश और अपील को दी थी चुनौती
मेसर्स अल्ट्रा स्टील (डब्ल्यूपी संख्या 21659/2022) और मेसर्स बुंदेलखंड ट्रेडर्स (डब्ल्यूपी संख्या 22416/2022) ने पंजीयन निरस्तीकरण, रिवोकेशन आवेदन खारिज होने और एसजीएसटी अधिनियम की धारा 107 के तहत अपील अस्वीकार किए जाने को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
अभिलेखों के अनुसार, अल्ट्रा स्टील को 28 जनवरी 2022 को नोटिस जारी कर 11 फरवरी 2022 को 26 अप्रैल 2021 से पूर्वव्यापी प्रभाव से पंजीयन रद्द कर दिया गया था, जबकि उसकी अपील 13 जून 2022 को खारिज हुई। इसी तरह बुंदेलखंड ट्रेडर्स का पंजीयन 25 मार्च 2022 को रद्द कर 13 जून 2022 को अपील खारिज की गई थी।
धारा 29 के तहत स्पष्ट कारण और कम से कम सात दिन का समय जरूरी
हाईकोर्ट ने पाया कि कारण बताओ नोटिस में कथित धोखाधड़ी या तथ्य छिपाने का कोई ठोस विवरण या भौतिक सत्यापन रिपोर्ट संलग्न नहीं थी, जिससे करदाता प्रभावी जवाब नहीं दे सके। अदालत ने एसजीएसटी अधिनियम की धारा 29 के प्रथम परंतुक का हवाला देते हुए कहा कि वैध नोटिस में विस्तृत कारण और सामग्री देना तथा जवाब के लिए कम से कम सात दिन का अवसर देना अनिवार्य है।
कोर्ट ने निरस्तीकरण, रिवोकेशन अस्वीकृति और अपीलीय आदेशों को रद्द कर पंजीयन बहाल करने का निर्देश दिया, हालांकि विभाग को कानून के अनुसार नया वैध नोटिस जारी करने की छूट दी गई है।




