विजयवाड़ा / गंडिकोटा: आंध्र प्रदेश सरकार ने अपनी प्रसिद्ध गंडिकोटा घाटी को दक्षिण भारत के प्रमुख साहसिक पर्यटन और प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्रालय के अधीन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स (निमास) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
शुक्रवार को विजयवाड़ा सचिवालय में पर्यटन मंत्री कंडुला दुर्गेश और वरिष्ठ अधिकारियों एस.एस. रावत तथा आम्रपाली की मौजूदगी में निमास निदेशक कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल और आंध्र प्रदेश एडवेंचर स्पोर्ट्स एकेडमी (एएसए) के सचिव उन्नादि रघुनाथ रेड्डी ने इस साझेदारी पर हस्ताक्षर किए।
जनवरी 2027 से गंडिकोटा में पैरामोटर प्रशिक्षण
इस समझौते के तहत 6 से 31 जनवरी 2027 के बीच निमास की तकनीकी देखरेख में गंडिकोटा में पहला संयुक्त बेसिक और इंटरमीडिएट पैरामोटर पाठ्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें उड़ान संचालन, उपकरण प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का प्रशिक्षण शामिल होगा। आगे चलकर इसमें ट्रेकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, कयाकिंग, वाटर रेस्क्यू और प्राथमिक चिकित्सा को भी जोड़ा जाएगा।
राज्य की एएसए संस्था दक्षिण भारत में निमास से संबद्ध क्षेत्रीय केंद्र की भूमिका निभाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को प्रमाणित गाइड, प्रशिक्षक और बचाव कर्मी बनने के रोजगार अवसर मिलेंगे।
दिसंबर में हेरिटेज दौड़ और जल क्रीड़ा विस्तार
ऐतिहासिक किले और पेन्ना नदी की घाटी में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए 27 दिसंबर को 'गंडिकोटा रन-2026' आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 3 किमी, 5 किमी और 10 किमी की दौड़ में लगभग 1,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
दूसरी ओर, 2025-26 में 27 लाख से अधिक पर्यटक आगमन और 15.70 करोड़ रुपये के परिचालन अधिशेष को देखते हुए एपीटीडीसी ने 1.40 करोड़ रुपये की लागत से नई नावें और स्पीड बोट खरीदने तथा विशाखापत्तनम के मंगामाारिपेटा में एक जल क्रीड़ा प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव भी आगे बढ़ाया है।




