श्री विजय पुरम: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह प्रशासन आगामी 3 और 4 दिसंबर 2026 को स्वराज द्वीप (हैवलॉक द्वीप) में पहले आसियान-भारत समुद्री साहसिक पर्यटन एवं सांस्कृतिक संपर्क सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। भारत की 'एक्ट ईस्ट नीति' के अंतर्गत आयोजित इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्देश्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ समुद्री पर्यटन, टिकाऊ यात्रा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ाना है।
विदेश मंत्रालय और आसियान सचिवालय के सहयोग तथा आसियान-भारत कोष की वित्तीय सहायता से हो रहे इस सम्मेलन के जरिए अंडमान द्वीप समूह को भारत-प्रशांत क्षेत्र में ब्लू इकोनॉमी और समुद्री साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रशासनिक तैयारियां और बी2बी पर्यटन संवाद
अंडमान और निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने 25 नवंबर को श्री विजय पुरम स्थित लोक निवास में विभिन्न विभागों के साथ सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। सूचना, प्रचार और पर्यटन निदेशालय ने विदेशी प्रतिनिधियों के स्वागत, अनुभव आधारित समुद्री गतिविधियों और लॉजिस्टिक्स की रूपरेखा प्रस्तुत की।
सम्मेलन में भारत और आसियान देशों के ट्रैवल खरीदारों व स्थानीय पर्यटन उद्यमियों को जोड़ने के लिए विशेष बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) संवाद डेस्क भी स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि डाइविंग, क्रूज और इको-टूरिज्म साझेदारी को बढ़ावा मिल सके।
स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी और समुद्री सहयोग
कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग की ओर से स्थानीय स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) द्वारा तैयार हस्तशिल्प और स्मृति चिह्नों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे द्वीप के स्थानीय उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि स्वराज द्वीप में होने वाला यह सम्मेलन पर्यटन, समुद्री सुरक्षा, हरित ऊर्जा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के साझा लक्ष्यों को नई गति देगा।




