लंदन: ब्रिटेन के कार्य और पेंशन विभाग (डीडब्ल्यूपी) ने एक 'गंभीर साइबर घटना' के बाद यूनिवर्सल क्रेडिट, स्टेट पेंशन जांच, दिव्यांगता लाभ आवेदन और 'टेल अस वन्स' जैसी लगभग सभी सार्वजनिक ऑनलाइन सेवाओं को अस्थायी रूप से ऑफलाइन कर दिया है। कार्य और पेंशन मंत्री पैट मैकफैडेन ने शुक्रवार को घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि गुरुवार को संदिग्ध गतिविधि दिखने के तुरंत बाद एहतियातन सिस्टम बंद किए गए।
लाखों नागरिक शुक्रवार को अपने ऑनलाइन खातों में लॉगिन या नए डिजिटल दावे दाखिल नहीं कर सके, हालांकि विभाग और डाउनिंग स्ट्रीट ने भरोसा दिलाया कि नियमित पेंशन और कल्याणकारी लाभों का भुगतान सामान्य रूप से जारी रहेगा।
जीसीएचक्यू का एनसीएससी और डेटा सुरक्षा नियामक जांच में जुटे
ब्रिटिश खुफिया एजेंसी जीसीएचक्यू के अधीन नेशनल साइबर सिक्योरिटी सेंटर (एनसीएससी) और सरकारी साइबर विशेषज्ञ मामले की जांच कर रहे हैं। मंत्री मैकफैडेन और प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि अब तक नागरिकों के निजी डेटा से छेड़छाड़ या किसी अन्य सरकारी विभाग को निशाना बनाए जाने के प्रमाण नहीं मिले हैं, हालांकि हैकिंग की आशंका से इनकार नहीं किया गया है।
ब्रिटेन के डेटा संरक्षण निगरानी निकाय (इंफॉर्मेशन कमिश्नर ऑफिस) ने भी कहा है कि वह पूरी स्थिति समझने के लिए विभाग के संपर्क में है।
सरकारी डिजिटल ढांचे की सुरक्षा पर उठे सवाल
हाउस ऑफ कॉमन्स की विज्ञान और प्रौद्योगिकी समिति की अध्यक्ष डेम ची ओनवुराह ने कहा कि यह व्यवधान सरकारी डिजिटल सेवाओं के बुनियादी ढांचे और डेटा सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की गंभीर चेतावनी है। हाल के महीनों में ब्रिटेन में मार्क्स एंड स्पेंसर, जगुआर लैंड रोवर और गैटविक एयरपोर्ट की भुगतान प्रणाली समेत कई संस्थानों पर साइबर हमलों का असर पड़ा है।




