छिंदवाड़ा जिले के दमुआ विकासखंड अंतर्गत जामुनढोंगा पंचायत के छोटीपाटा टोला में पक्की सड़क के अभाव में 108 एंबुलेंस नहीं पहुंचने से समय से पूर्व जन्मे जुड़वां नवजातों की मौत हो गई। गुरुवार 26 नवंबर की शाम प्रसव पीड़ा शुरू होने पर 20 वर्षीय कुंती मलगाम को परिजन करीब चार किलोमीटर दुर्गम रास्ते से पैदल लेकर चले थे, लेकिन रास्ते में ही प्रसव हो जाने से एक किलोग्राम से कम वजन के दोनों नवजात जीवित नहीं बच सके।
सड़क के अभाव में 60 परिवारों की बस्ती अलग-थलग
ग्रामीणों के अनुसार लगभग 60 परिवारों वाले छोटीपाटा टोला में अब तक पक्की सड़क नहीं बन सकी है, जिससे आपात स्थिति में कोई वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाता। प्रसव पीड़ा के बाद पति सतीश मलगाम, सास कमली मलगाम और बिसनलाल नारे महिला को पैदल ही मुख्य मार्ग की ओर लेकर निकले। करीब छह माह के गर्भकाल के दौरान रास्ते में ही प्रसव हो गया और दोनों शिशुओं ने दम तोड़ दिया।
सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत के बाद मिली मदद
घटना के बाद परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद शुक्रवार 27 नवंबर को सुबह करीब साढ़े दस से ग्यारह बजे के बीच 108 एंबुलेंस नागढाना पहुंची और प्रसूता को दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जिला 108 प्रभारी विजय रघुवंशी ने भौगोलिक बाधा के कारण एंबुलेंस न पहुंचने की बात कही, वहीं जुन्नारदेव चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि समय से पूर्व प्रसव के बावजूद उपचार से महिला की जान बचा ली गई है।




