मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज एयरपोर्ट पर 23 नवंबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दिल्ली यात्रा के दौरान सुरक्षा और वीआईपी प्रोटोकॉल में कथित चूक का मामला तूल पकड़ गया है। सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर की रिपोर्ट के आधार पर मंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) भूपेंद्र सिंह परास्ते ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव केशव लाठकर को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
23 नवंबर की उड़ान के दौरान प्रोटोकॉल चूक के आरोप
शिकायत के मुताबिक केंद्रीय मंत्री को इंडिगो की उड़ान 6E-6259 से दिल्ली जाना था, लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना के निर्धारित विमान और आवंटित सीट बदल दी गई। पत्र में आरोप लगाया गया है कि प्रस्थान के समय टर्मिनल मैनेजर सिद्धार्थ यादव और निर्धारित प्रोटोकॉल कर्मचारी मौजूद नहीं थे, जिसके चलते साथ चल रहे सुरक्षा कर्मियों को ही सामान संभालना पड़ा।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि बोर्डिंग के दौरान भीड़भाड़ वाले एयरोब्रिज में मंत्री को रोकना पड़ा तथा उनके साथ चल रहे स्टाफ को सुरक्षा जांच बिंदुओं पर रोक दिया गया।
विमानन और जिला एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की मांग
चूंकि हवाई अड्डे पर वीआईपी सुरक्षा और प्रोटोकॉल संचालन में कई संस्थाएं शामिल होती हैं, इसलिए ओएसडी ने पत्र की प्रतियां भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), इंडिगो, मध्य प्रदेश के राज्य प्रोटोकॉल अधिकारी और भोपाल जिला कलेक्टर को भी भेजी हैं।
मंत्री कार्यालय ने विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की खामियों पर स्पष्ट जवाबदेही तय करने की अपेक्षा जताई है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।




