मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में भूजल स्तर सामान्य समय से करीब तीन महीने पहले ही चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है। आम तौर पर फरवरी या मार्च में सूखने वाले गहरे बोरवेल नवंबर के अंतिम सप्ताह में ही जवाब देने लगे हैं, जिससे कई कॉलोनियों में 300 से 550 फीट गहरे बोरवेल सिर्फ 10 से 20 मिनट तक ही पानी दे पा रहे हैं।
प्रमुख कॉलोनियों में 10 से 20 मिनट सिमटी बोरवेल आपूर्ति
शहर के विभिन्न हिस्सों से सामने आई स्थिति के अनुसार निपानिया (350 फीट), परिचारिका नगर (230 फीट) और महालक्ष्मी नगर (450 फीट) में बोरवेल चलने के महज 10 मिनट बाद पानी छोड़ रहे हैं। कुशवाह नगर में 320 फीट गहरा बोरवेल लगभग 12 मिनट तथा तेजाजी नगर (300 फीट) और पाटनीपुरा (450 फीट) में करीब 15 मिनट ही पानी मिल पा रहा है।
इसी तरह पिपलियाराव (350 फीट) और बायपास क्षेत्र (550 फीट) में भी बोरवेल 20 मिनट में सूखने लगे हैं, जिससे आवासीय समितियों को अभी से टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है।
मांग-आपूर्ति अंतर और जल संरक्षण की चेतावनी
शहरी जल प्रबंधन के आंकड़ों के अनुसार इंदौर की दैनिक पेयजल आवश्यकता लगभग 650 एमएलडी है, जबकि नर्मदा पाइपलाइन से करीब 450 एमएलडी पानी ही मिल पाता है। इंदौर नगर निगम (आईएमसी) के सलाहकार सुरेश एमजी ने कहा कि प्रति व्यक्ति दैनिक खपत को मौजूदा लगभग 200 लीटर से घटाकर करीब 70 लीटर तक लाना आवश्यक है।
नगर निगम के जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि नए हाइड्रेंट स्थापित करने और पुराने जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने की योजना पर काम चल रहा है। वहीं भूजल वैज्ञानिक सुधींद्र एम. शर्मा ने घरेलू जल बजटिंग अपनाने, फ्लश उपयोग घटाने, मोहल्ला बोरवेल समितियां गठित करने तथा अवैध भूजल दोहन पर सख्ती की सिफारिश की है।




