मुंबई: भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने संदिग्ध ‘मनी म्यूल’ बैंक खातों और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े लेन-देन पर अस्थायी डेबिट रोक (फ्रीज़) लगाने और उनकी समीक्षा करने के लिए अंतिम केवाईसी संशोधन निर्देश जारी कर दिए हैं। नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) से ग्राहकों को समय पर सुनवाई का अधिकार मिलेगा और अनिश्चितकालीन खाता बंद रहने की समस्या पर लगाम लगेगी।
ग्राहक को 7 दिन का जवाब और बैंक को 7 दिन में निर्णय
वाणिज्यिक बैंकों और लघु वित्त बैंकों के लिए 27 नवंबर को अलग-अलग जारी ये निर्देश 1 जुलाई 2027 से प्रभावी होंगे, हालांकि बैंक चाहें तो इन्हें पहले भी लागू कर सकते हैं। आरबीआई ने कहा कि संदिग्ध लेन-देन चिह्नित करने के लिए तकनीकी व्यवस्था अपनाई जाए, लेकिन पूरे खाते पर मशीनी तरीके से रोक लगाने से बचा जाए। पूरे खाते पर डेबिट रोक केवल पीएमएलए, वित्तीय धोखाधड़ी या आतंकी वित्तपोषण के उच्च संदेह और वरिष्ठ स्तर की स्वीकृति से ही लगाई जा सकेगी।
रोक लगते ही बैंक को डिजिटल माध्यम से—या भौतिक पत्र होने पर अगले कार्यदिवस के अंत तक—ग्राहक को रोक के कारण, हटाने की प्रक्रिया और संबंधित अधिकारी के संपर्क विवरण की सूचना देनी होगी। 11 सितंबर के मसौदे में प्रस्तावित 20 दिन की अवधि और 1,000 रुपये की न्यूनतम सीमा पर मिली प्रतिक्रिया के बाद आरबीआई ने अंतिम नियमों में ग्राहक जवाब की अवधि सात कैलेंडर दिन तय की और 1,000 रुपये की सीमा हटा दी, ताकि जालसाज़ छोटी-छोटी रकमें भेजकर जांच से न बच सकें।
पुलिस आदेश न आने पर 31वें दिन हटेगी रोक
ग्राहक से स्पष्टीकरण और दस्तावेज़ मिलने के सात कैलेंडर दिनों के भीतर बैंक को निर्णय लेना होगा। संतुष्ट होने पर रोक तुरंत हटानी होगी, अन्यथा मामला कारणों सहित क्षेत्रीय पुलिस प्राधिकारी को भेजना होगा और यदि ग्राहक सात दिन में जवाब नहीं देता है, तो रोक जारी रखकर गहन जांच (ईडीडी) और पुलिस रिपोर्टिंग की जाएगी।
केंद्रीय बैंक ने पुलिस प्रतिक्रिया की समयसीमा 90 दिन करने या बैंकों को अनिश्चितकालीन रोक जारी रखने के सुझाव खारिज करते हुए कहा कि जांच एजेंसी के निर्देश बिना रोक जारी रखना खाते पर स्थायी पाबंदी लगाने जैसा होगा जिसका खामियाज़ा ग्राहक को उठाना पड़ता है। इसलिए पुलिस संदर्भ के 30 कैलेंडर दिनों में सक्षम प्राधिकारी या अदालत का कोई ठोस आदेश न मिलने पर, तथा गहन जांच से संतुष्ट होने पर, बैंक को 31वें दिन रोक हटानी होगी। बैंकों को शिकायत निपटारे के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने और सभी रिकॉर्ड पांच साल तक सुरक्षित रखने होंगे।




