रांची: झारखंड हाईकोर्ट की एक खंडपीठ ने संथाल आदिवासी समुदाय में बेटियों के पैतृक संपत्ति अधिकारों पर अहम फैसला सुनाते हुए कहा है कि केवल पारंपरिक मान्यताओं या अधूरे प्रमाणों के आधार पर किसी बेटी को पिता की संपत्ति से बेदखल नहीं किया जा सकता। अदालत ने जामताड़ा जिले के करीब 41 साल पुराने भूमि विवाद में महिला के पूर्ण स्वामित्व को सही ठहराया।
संथाल उत्तराधिकार पर पुराने फैसले की व्याख्या
एकल पीठों के विरोधाभासी फैसलों के बाद 2006 में दायर द्वितीय अपील पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश एम.एस. सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ ने 4 मार्च 2006 के प्रथम अपीलीय अदालत के निर्णय को बरकरार रखा। जामताड़ा जिले के कुंडहित क्षेत्र स्थित तुर्का गांव की एक संथाल महिला ने 1985 में पैतृक संपत्ति पर स्वामित्व का वाद दायर किया था, जिस पर ट्रायल कोर्ट ने 1996 में एक-तिहाई हिस्सा दिया था और बाद में अपीलीय अदालत ने पूरी संपत्ति पर उनका हक माना था।
27 पृष्ठों के निर्णय में खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि करण मुर्मू बनाम आयुक्त, संथाल परगना, दुमका (2004) के फैसले को संथाल महिलाओं को उत्तराधिकार से रोकने वाला बाध्यकारी सिद्धांत नहीं माना जा सकता। इसके बजाय अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के मधु किश्वर बनाम बिहार राज्य निर्णय पर आधारित नारायण सोरेन बनाम रंजन मुर्मू (2008) के मत को सही माना, जिसमें संथाल प्रथाओं में आए बदलाव को स्वीकार किया गया है।
प्रथा सिद्ध करने के लिए ठोस साक्ष्य अनिवार्य
लक्ष्मीबाई बनाम भगवंतबुवा में सुप्रीम कोर्ट के सिद्धांत का हवाला देते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि यदि कोई पक्ष किसी प्रथा के तहत बेटी का हक नकारना चाहता है, तो उसे ठोस और निर्विवाद साक्ष्यों से साबित करना होगा कि वह प्रथा प्राचीन, निश्चित, उचित और निरंतर प्रचलित रही है।
अपीलकर्ताओं ने ‘घरजमाई’ प्रथा का हवाला देते हुए महिला के दावे को चुनौती दी थी, लेकिन अदालत ने पाया कि 13 गवाहों और राजस्व अभिलेखों से महिला का वंशानुगत स्वामित्व सिद्ध होता है, और द्वितीय अपील खारिज कर दी।




