ऑक्सफोर्ड: ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध सशस्त्र संघर्ष का नेतृत्व करने वाली नागा स्वतंत्रता सेनानी रानी गाइदिनलिउ की गिरफ्तारी के करीब एक सदी बाद, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के पिट रिवर्स संग्रहालय ने उनसे जब्त की गईं 27 वस्तुओं को पहली बार आम लोगों के सामने प्रदर्शित किया है। द आफ्टरलाइव्स ऑफ कैप्चर्ड ऑब्जेक्ट्स शीर्षक वाली यह प्रदर्शनी 31 अगस्त 2027 तक चलेगी।
दशकों तक संग्रहालय के भंडार में बंद रहे इस संग्रह में गाइदिनलिउ की डायरियां (नोटबुक), टोकरी, पारंपरिक वस्त्र, कंगन, ताबीज और वे अनुष्ठानिक वस्तुएं शामिल हैं, जिन्हें 1932 में उनकी गिरफ्तारी के आसपास ब्रिटिश अधिकारियों ने पूर्वोत्तर भारत से अपने कब्जे में लिया था।
औपनिवेशिक दस्तावेजीकरण और ऐतिहासिक सच
क्यूरेटर एवं विजुअल एंथ्रोपोलॉजी की प्रोफेसर क्लेयर हैरिस के अनुसार यह प्रदर्शनी दिखाती है कि औपनिवेशिक दौर में स्वदेशी समुदायों की धरोहरों को किस तरह पूर्वाग्रह के साथ दर्ज किया जाता था। ब्रिटिश मानवविज्ञानी जे.पी. मिल्स ने गाइदिनलिउ की नोटबुक को 'निरर्थक लिखावट' कहा था, जबकि यह भी स्वीकार किया था कि इन लेखों ने उन्हें 'हेराका' आंदोलन की नेता के रूप में अपार प्रतिष्ठा दिलाई थी।
प्रदर्शनी में 1931 में काम्बिरोन गांव के एक हेराका मंदिर से नष्ट की गई पवित्र मिट्टी की मूर्तियों पर लिपटे वस्त्र भी रखे गए हैं। इनके साथ एक ब्रिटिश अधिकारी द्वारा ली गई वह तस्वीर भी लगाई गई है, जो मंदिर के ध्वंस और उन वस्तुओं को हटाए जाने का ऐतिहासिक प्रमाण देती है।
डिजिटल वापसी से पूर्वोत्तर भारत में शिल्प पुनरुद्धार
यह पहल भारत, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और एडिनबर्ग विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के चार वर्षीय साझा प्रोजेक्ट का परिणाम है, जिसका सह-नेतृत्व प्रोफेसर अर्कोटोंग लोंगकुमर ने किया। शोध दल ने गाइदिनलिउ की वस्तुओं और नोटबुक की डिजिटल प्रतियां असम, नगालैंड और मणिपुर के नागा समुदायों के साथ साझा कीं।
स्थानीय कारीगरों ने इन अभिलेखों की मदद से पारंपरिक बुनाई और टोकरी निर्माण की शैलियों को पुनर्जीवित किया है, जिनकी नई कृतियां भी ऑक्सफोर्ड की इस प्रदर्शनी में शामिल हैं। गाइदिनलिउ की परपोती अलिला चांग ने ऑक्सफोर्ड में पूर्वावलोकन के दौरान कहा कि यह प्रदर्शनी परिवार और नागा समाज के बलिदान को विश्व स्तर पर सम्मान दिलाने वाला कदम है।




