मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गन्ना किसानों ने अपनी मांगों को लेकर 27 नवंबर 2026 की सुबह राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) जाम कर दिया। 23 नवंबर से भोपाल में धरने पर बैठे किसानों के चक्काजाम से यातायात प्रभावित हुआ, जिसके बाद मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर पुलिस वाहनों में हिरासत में लिया।
600 रुपये प्रति क्विंटल भाव और बोनस की मांग
किसानों का कहना है कि बाजार में चीनी की कीमतों के अनुपात में गन्ने का खरीद मूल्य तय किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों के अनुसार जब चीनी 35 रुपये प्रति किलो थी तब किसानों को 350 रुपये प्रति क्विंटल और 48 रुपये किलो होने पर 400 रुपये प्रति क्विंटल मिला, जबकि अब चीनी 60 रुपये प्रति किलो के आसपास है।
किसानों ने मांग की है कि कुल 600 रुपये प्रति क्विंटल का भाव सुनिश्चित किया जाए, जिसमें 500 रुपये चीनी मिलों की ओर से और 100 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस राज्य सरकार द्वारा दिया जाए।
गन्ना नीति और नरसिंहपुर में सरकारी मिल पर जोर
आंदोलनकारियों ने अन्य राज्यों की तर्ज पर मध्य प्रदेश के लिए अलग 'गन्ना नीति' बनाने की मांग उठाई। किसानों का तर्क है कि प्रदेश के कुल गन्ना उत्पादन का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा नरसिंहपुर जिले से आता है, इसके बावजूद वहां एक भी सरकारी चीनी मिल नहीं है, इसलिए जिले में शासकीय चीनी मिल की स्थापना जरूरी है।




