यात्री सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मध्य प्रदेश परिवहन विभाग के क्षेत्रीय स्क्वैड ने भोपाल के लालघाटी और आईएसबीटी बस स्टैंड पर शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक विशेष रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें चार बसों पर कुल 1.53 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और तीन बसें जब्त कर ली गईं।
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर प्राची शर्मा के नेतृत्व में टीम ने आने-जाने वाली यात्री बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, पीयूसी और अग्निशमन उपकरणों की सघन जांच की।
राजस्थान, यूपी और एमपी की चार बसों पर जुर्माना
जांच में दस्तावेजों और सुरक्षा इंतजामों में अनियमितता पाए जाने पर राजस्थान की बस RJ09PA5754, उत्तर प्रदेश की बस UP78MN5008 तथा मध्य प्रदेश की बसों MP33P3586 और MP09BT9990 पर कुल 1 लाख 53 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
परमिट शर्त उल्लंघन पर तीन बसें जब्त
इसके अतिरिक्त परमिट की शर्तों के उल्लंघन के मामले में तीन बसों—MP41ZN9977, MP44ZD9918 और MP04PA5137—को मौके पर ही जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।
परिवहन विभाग ने संकेत दिया है कि लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्री बसों की निगरानी के लिए भोपाल सहित प्रमुख मार्गों पर ऐसे औचक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




