मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपीबीएसई) ने सत्र 2026-27 की हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) और हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले लाखों विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने दो अंकों वाले अति लघु उत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प (अथवा) की सुविधा को बहाल रखने का फैसला किया है।
15 अक्टूबर के आदेश में आंशिक संशोधन
भोपाल से 25 नवंबर को जारी नए परिपत्र के जरिए मंडल ने 15 अक्टूबर 2026 को जारी परीक्षा पैटर्न निर्देश में आंशिक बदलाव किया है। संशोधित व्यवस्था के मुताबिक 2 अंकों के प्रश्नों में छात्रों को आंतरिक विकल्प मिलता रहेगा, जबकि 15 अक्टूबर के आदेश के अन्य सभी नियम और निर्देश यथावत लागू रहेंगे।
केवल वर्तमान सत्र के लिए छूट, स्कूलों को निर्देश
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था केवल शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मान्य होगी। प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) और समन्वयक संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस संशोधन की जानकारी शीघ्र ही स्कूल प्राचार्यों, विद्यार्थियों और अभिभावकों तक पहुंचाएं।




