मध्य प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भोपाल में कोडीन युक्त अवैध कफ सिरप तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सरगना राहुल कुशवाहा और ट्रांसपोर्टरों सहित 23 आरोपियों पर अदालत में चालान पेश किया है। इस पूरे नेटवर्क से जुड़ी कार्रवाइयों में कुल 74,104 सिरप की बोतलें जब्त की गई थीं।
स्नैक्स के पैकेट में छिपाकर भोपाल से सतना-रीवा सप्लाई
मामले की शुरुआत 28 मई 2026 को भोपाल के गोंदरमऊ स्थित न्यू पटेल सिटी में छापेमारी से हुई, जहां ऑनरेक्स कफ सिरप की 49,920 बोतलें बरामद हुईं। आगे की जांच में सतना से 7,200 बोतलें और 2.60 क्विंटल गांजा भी जब्त किया गया। एसटीएफ के अनुसार आरोपी जांच से बचने के लिए भोपाल से सतना और रीवा तक स्नैक्स के पैकेट के भीतर सिरप की खेप भेजते थे।
केरल से गिरफ्तारी और एनडीपीएस कोर्ट में जमानत खारिज
गिरोह के मुख्य सरगना राहुल कुशवाहा को पहले केरल से गिरफ्तार कर मध्य प्रदेश लाया गया था। भोपाल में सुनवाई के दौरान विशेष एनडीपीएस न्यायाधीश मुकेश मलिक ने आरोपी वाहन चालक नवाब खान की जमानत याचिका खारिज कर दी है।




