मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग (एमपीएससीडब्ल्यू) हिंसा और उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने से लेकर न्याय और पुनर्वास तक हर कदम पर सहयोग देने के लिए 'महिला आयोग साथी' पहल शुरू करने जा रहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग की 'सर्वाइवर साथी' योजना की तर्ज पर इसे पहले चरण में राज्य के 25 जिलों में लागू किया जाएगा।
पुलिस से न्यायालय तक आसान होगा न्याय का रास्ता
आयोग के सचिव सुरेश तोमर के अनुसार, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, यौन हिंसा, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न और साइबर हिंसा से प्रभावित महिलाओं को पुलिस थाने, अस्पताल, वन स्टॉप सेंटर, विधिक सेवा प्राधिकरण और अदालत के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कानूनी जानकारी के अभाव, आर्थिक निर्भरता और मानसिक तनाव के कारण कई पीड़ित महिलाएं न्याय की प्रक्रिया बीच में ही छोड़ देती हैं।
'महिला आयोग साथी' पहल के तहत प्रत्येक चयनित जिले में एक महिला और एक पुरुष प्रशिक्षित साथी की नियुक्ति की जाएगी ताकि कोई भी पीड़ित महिला न्याय की लड़ाई में खुद को अकेला न महसूस करे।
प्रशिक्षण, चयन प्रक्रिया और गोपनीयता
इस योजना के तहत महिला अधिकार, विधि, सामाजिक कार्य, मनोविज्ञान और परामर्श के क्षेत्र में अनुभवी व्यक्तियों और संस्थाओं का चयन किया जाएगा। चयनित साथियों को आयोग की ओर से कोई मानदेय नहीं दिया जाएगा और वे स्वैच्छिक सेवा भाव से कार्य करेंगे।
आयोग के विशेषज्ञ इन स्वयंसेवकों को घरेलू हिंसा कानून, भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, पॉक्सो, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (पोश), दहेज प्रतिषेध कानून, साइबर अपराध, मनोसामाजिक परामर्श और गोपनीयता का प्रशिक्षण देकर पहचान पत्र जारी करेंगे। भोपाल स्थित केंद्रीय समन्वय इकाई से पीड़िता की सहमति और गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के आयोग साथी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।




