नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) संजय दुबे ने 28 नवंबर को उज्जैन पहुंचकर सिंहस्थ 2028 के लिए दिसंबर 2026 तक पूरे किए जाने वाले निर्माण एवं अधोसंरचना कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। सितंबर के बाद दो महीने के भीतर उनका यह दूसरा प्रमुख समीक्षा दौरा था, जिसमें उन्होंने गुणवत्ता व समयसीमा पर कड़े निर्देश दिए।
सड़क चौड़ीकरण और जल निकासी व्यवस्था की जांच
नानाखेड़ा से शांति पैलेस फोरलेन निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाए जाने पर दुबे ने ठेकेदार से सीधे सवाल किए और सड़क किनारे के चेंबर उच्च गुणवत्ता वाले स्टील से ढंकने, छायादार वृक्षारोपण हेतु जीआईएस सर्वे कराने तथा चौराहों का विकास एक ही एजेंसी से कराने के निर्देश दिए।
दो तालाब-टैगोर चौराहा पर जलभराव रोकने हेतु रोड स्लैब ऊंचाई तय करने, हरिफाटक व नंदी चौराहा पुल के नीचे रोटरी बनाने और बड़नगर रोड स्थित सड़क क्रमांक 3 व 10 पर काली मिट्टी को ध्यान में रखते हुए पहले ड्रेनेज व पाइपलाइन पूरी करने को कहा गया।
मंगलनाथ मंदिर विस्तार व कमांड सेंटर की समीक्षा
एसीएस दुबे ने भूखी माता के पास बन रहे सर्किट हाउस के पिलर फिनिशिंग सुधारने, कार्तिक मेला ग्राउंड से नईखेड़ी सिंहस्थ बायपास सड़क तेज करने, मंगलनाथ मंदिर शिखर निर्माण और सिंहस्थ मेला कार्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में उच्च गुणवत्ता के कैमरे लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में संभागायुक्त व मेला अधिकारी आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा साथ रहे।




