केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार, 29 नवंबर 2026 को पुणे में 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' अभियान के 100वें संस्करण के अवसर पर भारत की पहली ओलंपिक फिल्म लॉन्च की। इस मील के पत्थर पर पुणे की सड़कों पर 50,000 से अधिक साइकिल चालक उतरे, जबकि देशभर में 40,000 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ओलंपिक फिल्म और पुणे में रिकॉर्ड भागीदारी
#IndiaReady4Olympics अभियान के तहत जारी इस फिल्म में अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ खिलाड़ी मीराबाई चानू, शीतल देवी और स्मृति मंधाना शामिल हैं। पुणे में ‘रिवर साइक्लोथॉन 2026: जल संरक्षण एवं नदी स्वच्छता’ थीम के अंतर्गत 25 किमी और 5 किमी की साइकिल राइड हुई और रिकॉर्ड 56,000 पंजीकरण दर्ज किए गए। प्रतिभागियों ने जल संरक्षण, स्वच्छ नदियों और नशा-मुक्त भारत का संकल्प भी लिया।
देश के 600 से अधिक जिलों में 1.5 लाख से ज्यादा माई भारत (MY Bharat) स्वयंसेवकों ने भाग लिया और 100 ओलंपियनों ने 100 प्रमुख स्थलों पर साइकिल चलाकर ओलंपिक मूल्यों का संदेश दिया।
दिसंबर 2024 से 40 लाख से ज्यादा की सहभागिता
समारोह में भारतीय ओलंपिक संघ के सीईओ रघुराम अय्यर के साथ प्रियंका गोस्वामी, जैस्मिन लंबोरिया, प्रीति पवार, संदीप कुमार, आशीष कुमार चौधरी, स्राबनी नंदा और डेविड बेकहम एलकटोचूंगो सहित कई खिलाड़ी मौजूद रहे। अय्यर ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत की तैयारियों का उल्लेख किया।
17 दिसंबर 2024 को ‘प्रदूषण का समाधान’ संदेश के साथ शुरू हुई यह पहल 100 संस्करणों में 40 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच चुकी है और देश में 7,500 से ज्यादा फिट इंडिया नमो साइकिलिंग क्लब बन चुके हैं।




