इंदौर, मध्य प्रदेश: इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों द्वारा प्रथम वाहिनी में पदस्थ पुलिसकर्मी पवन कुमार शर्मा से शेयर मार्केट और फॉरेक्स ट्रेडिंग में 10 से 20 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर आठ लाख रुपये से अधिक की ठगी करने का मामला सामने आया है। साइबर हेल्पलाइन शिकायत के बाद पुलिस ने सोनम परदेशी और दिनेश शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार पवन वर्ष 2023 से आरोपितों के संपर्क में थे। सोनम परदेशी ने खुद को स्कीम नंबर 136 का निवासी व एडवाइजरी फर्म से जुड़ा बताकर भरोसा जीता था।
फर्जी मेटा ट्रेडर एप से दिखाया नकली मुनाफा
आरोपितों ने पवन के मोबाइल में मेटा ट्रेडर एप इंस्टॉल कराकर फर्जी इंडेक्स के जरिए भारी मुनाफा दिखाया। भरोसा बढ़ाने के लिए शुरुआत में थोड़ी राशि वापस भी दी गई और बाद में दिनेश शर्मा ने बाजार में गिरावट का हवाला देकर फॉरेक्स मार्केट में अधिक निवेश के लिए उकसाया।
- शुरुआती भुगतान: 23 दिसंबर 2023 को पवन ने पत्नी के खाते से 5,000 रुपये और फिर चचेरे भाई के खाते से 35,000 रुपये ट्रांसफर किए।
- बढ़ती ठगी: मुनाफे के झांसे में आकर उन्होंने रिश्तेदारों से उधार लेकर अलग-अलग खातों में करीब 8 लाख रुपये से अधिक जमा कर दिए।
रकम मांगने पर बंद किया फोन, केस दर्ज
जब पुलिसकर्मी ने निवेश की गई राशि वापस मांगी तो दोनों आरोपित टालमटोल करने लगे और अंततः फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर लसूड़िया पुलिस ने दोनों नामजद आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




