जंबो सीताफल के बाद अब मध्य प्रदेश के सिवनी जिले की ताजी हरी मिर्च और सहजन (मुनगा) ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कदम रखा है। जिले से 1.5 टन हरी मिर्च और सहजन की पहली ट्रायल खेप हवाई मार्ग से संयुक्त अरब अमीरात भेजी गई, जो 20 नवंबर को दुबई और शारजाह के सुपरमार्केट में पहुंच गई।
एपीडा और उद्यानिकी विभाग के सहयोग से निर्यात
यह निर्यात कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) और सिवनी जिला उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मार्गदर्शन में पूरा किया गया। मुंबई की कॉग्निफाई इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक जलज मोहन तथा शिवहरे एक्सपोर्ट एंड मैन्युफैक्चरिंग के समन्वय से किसानों की उपज को विदेश भेजा गया।
लैब जांच के बाद यूरोप और खाड़ी देशों की तैयारी
सिवनी कलेक्टर अंजू अरुण कुमार और जिला उद्यानिकी अधिकारी डॉ. आशा उपवंशी वासेवार ने बताया कि निर्यात से पहले उत्पादों की प्रयोगशाला गुणवत्ता जांच सफलतापूर्वक पूरी हुई। दुबई और शारजाह में उत्साहजनक प्रतिक्रिया के बाद अब मध्य पूर्व और यूरोपीय बाजारों के लिए मिश्रित सब्जियों के ट्रायल शिपमेंट की योजना बनाई जा रही है।




