मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच के बाद पतंजलि गाय के घी के एक बैच की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। नमूने को गुणवत्ता मानकों पर विफल और असुरक्षित पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया। पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने 21 नवंबर 2026 को स्टॉक एक्सचेंज को इस नियामक कार्रवाई की सूचना दी।
केवल प्रभावित बैच तक सीमित प्रतिबंध
कंपनी की ओर से जारी नियामक जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा स्थित अधिकारियों द्वारा लिए गए सैंपल की प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर यह रोक लगाई गई है। यह प्रतिबंध केवल छिंदवाड़ा में संबंधित बैच की बिक्री पर लागू होता है।
दोबारा परीक्षण और अपील की तैयारी
पतंजलि फूड्स ने कहा कि वह विवादित बैच की दोबारा जांच (रीटेस्टिंग) कराने की प्रक्रिया अपनाएगी और आदेश के खिलाफ अपील दायर करने के विकल्प पर भी विचार कर रही है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि प्रभावित बैच के मूल्य को छोड़कर इस रोक का उसके समग्र कारोबार या वित्तीय स्थिति पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा।




