राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने चार राज्यों में फैले फर्जी मेडिकल डिग्री गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आरोपी मनीष मांझी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में मुंबई और लखनऊ से भी एक-एक आरोपी को पकड़ा गया है, जिन पर लगभग 300 लोगों को फर्जी एमबीबीएस, एमडी और डीएमआरडी डिग्रियां उपलब्ध कराने का आरोप है।
एडीजी विशाल बंसल, डीआईजी भुवन भूषण और एसपी सतनाम के निर्देशन में हुई जांच में सामने आया कि गिरोह केवल नकली डिग्रियां छापता नहीं था, बल्कि विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर उन्हें ऑनलाइन अपलोड कराकर सत्यापन प्रक्रिया से भी पास करा देता था।
ग्वालियर, लखनऊ और मुंबई से जुड़े तार
पुलिस ने ग्वालियर से मनीष मांझी के अलावा मुंबई से मुख्य आरोपी माने जा रहे सत्यजीत पाणिग्रही और लखनऊ से खुर्रम तौफीक को गिरफ्तार किया है। जांच के मुताबिक तौफीक फर्जी डिग्रियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कराने की भूमिका निभाता था ताकि जांच के दौरान दस्तावेज असली दिखें।
आरोपियों ने करीब 200 से 300 लोगों के लिए फर्जी मेडिकल व शैक्षणिक डिग्रियों की व्यवस्था करने का दावा किया है और इस नेटवर्क के जरिए 15 लाख रुपये से अधिक रकम वसूलने की आशंका है।
11वीं पास युवक बना स्त्री रोग विशेषज्ञ
जांच में रामकिशोर महावर नामक एक ऐसे व्यक्ति का मामला भी खुला जो केवल 11वीं पास था, लेकिन फर्जी डिग्री से राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराकर राजस्थान व दिल्ली के अस्पतालों में काम करता रहा। वह दिल्ली में कथित तौर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ बनकर रोजाना 15 से 20 सोनोग्राफी जांच कर रहा था। एसओजी अब इस रैकेट से जुड़े संस्थानों और अन्य लाभार्थियों की तलाश कर रही है।




