मध्य प्रदेश के जबलपुर में क्राइम ब्रांच, ओमती और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फोर्ड फिगो कार से 4 हजार प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। मौके से बेलबाग निवासी दो आरोपियों जयंत राय और अमित पैगवार को गिरफ्तार किया गया है, जिनके खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज बताए गए हैं।
बरामद खेप में 2 हजार एविल और 2 हजार ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 34 हजार 300 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
पेट्रोल पंप के पास ग्राहक का इंतजार करते पकड़े गए आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि कार में सवार दो युवक भारत पेट्रोल पंप के पीछे संदिग्ध खेप लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका और तलाशी के दौरान चार थैलों में रखे नशीले इंजेक्शन बरामद किए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ये इंजेक्शन खरीदकर जबलपुर लाते थे और यहां नशे के आदी लोगों को फुटकर में बेचते थे।
एनडीपीएस और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों आरोपियों पर मध्य प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। एएसपी जितेंद्र सिंह के अनुसार पुलिस अब प्रयागराज के सप्लायर और जबलपुर में स्थानीय खरीदारों के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।




