भारत की विविध क्षेत्रीय पाक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाने वाला तीन दिवसीय उत्सव द ग्रेट इंडियन फीस्ट ट्रेल (गिफ्ट) शुक्रवार, 27 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड गार्डन (जियो वर्ल्ड सेंटर) में आयोजित हो रहा है। इस पहले संस्करण में 13 विषयगत पाक ट्रेल्स, 100 से अधिक चुनिंदा रसोइयां, 45 से अधिक शेफ और 400 से ज्यादा क्षेत्रीय व्यंजन शामिल हैं।
हिमालयी रसोई से मंदिर और शाही व्यंजनों तक सफर
समारोह में देश के विभिन्न अंचलों की परंपराओं को एक मंच पर लाया गया है। हिमालयन ट्रेल में शेफ वरुण इनामदार द्वारा कश्मीरी वाजवान, कश्मीरी पंडित और हाडकी भोजन के साथ हिमाचली रसोई तथा दार्जिलिंग किचन के स्वाद परोसे जा रहे हैं। वहीं रॉयल एंड हेरीटेज ट्रेल में राजस्थान और रामपुर के शाही पकवानों की विरासत दिखाई जा रही है।
गोवर्धन इकोविलेज के निदेशक गौरांग दास के नेतृत्व वाला टेंपल एंड सात्विक ट्रेल देशभर के मंदिरों की 16 पारंपरिक रसोई विधियों को प्रस्तुत कर रहा है, जबकि आदिवासी समुदायों के रसोइए पीढ़ियों से संरक्षित देसी व्यंजन तैयार कर रहे हैं।
प्रमुख शेफ, पारंपरिक शिल्प और अंतरराष्ट्रीय योजना
महोत्सव में विक्की रतनानी, अजय चोपड़ा, वरुण इनामदार और सुरेश पिल्लई जैसे चर्चित शेफ मास्टरक्लास और विशेष स्वाद सत्रों का संचालन कर रहे हैं। खानपान के अलावा आगंतुक 24 पारंपरिक भारतीय हस्तशिल्प, कार्यशालाओं और लाइव सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकते हैं। गॉरमेट टेल्स कंपनी और ग्रीड गॉडेस मीडिया के सहयोग से शुरू हुए इस आयोजन के आगामी संस्करण लंदन, दुबई और सिंगापुर में भी प्रस्तावित हैं।




