ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय स्थित पिट रिवर्स संग्रहालय में करीब 80 वर्षों तक रखे गए 39 नागा पूर्वजों के अस्थि अवशेष स्वदेश लौट आए हैं। किसी पश्चिमी संग्रहालय से भारत में मानव अवशेषों की यह पहली औपचारिक वापसी मानी जा रही है, जिनका 30 नवंबर 2026 को कोहिमा में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दिल्ली से दीमापुर और कोहिमा तक वापसी कार्यक्रम
नवंबर के आरंभ में ऑक्सफोर्ड ने इन अवशेषों की अभिरक्षा नागा समुदाय के नेताओं व विद्वानों के प्रतिनिधिमंडल को सौंपी थी। 25 नवंबर की सुबह विमान से अवशेष नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे, जहां नागालैंड हाउस की अतिरिक्त रेजिडेंट कमिश्नर शेरॉन लोंगचारी और 'फोरम फॉर नागा रिकंसिलिएशन' (एफएनआर) के प्रतिनिधियों ने उन्हें प्राप्त किया।
27 नवंबर को दीमापुर ले जाने के बाद 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे कोहिमा के एनबीसीसी कन्वेंशन सेंटर में सार्वजनिक स्वागत कार्यक्रम होगा। 29 नवंबर को सुबह नौ बजे से आम नागरिक श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे और 30 नवंबर को दोपहर दो बजे नागा सॉलिडैरिटी पार्क, कोहिमा में अंतिम दफन संस्कार संपन्न होगा।
छह साल के सामुदायिक संवाद का परिणाम
वर्ष 1910 से 1940 के बीच ब्रिटिश औपनिवेशिक प्रशासकों जॉन हेनरी हटन और जेम्स फिलिप मिल्स द्वारा एकत्र किए गए इन 39 अवशेषों में दो बच्चों, एक महिला और एक ग्राम प्रमुख के अवशेष भी शामिल हैं। मानवविज्ञानी डॉली किकॉन द्वारा 2020 में संग्रहालय की नैतिक समीक्षा के बाद पहल शुरू की गई थी। भारत में स्वदेशी मानव अवशेष वापसी के लिए राष्ट्रीय कानून न होने के बावजूद एफएनआर और स्वयंसेवी समूह 'रिकवर, रिस्टोर एंड डीकोलोनाइज' (आरआरएडी) ने गांव-गांव सहमति बनाई। संग्रहालय के पास अब भी मानव बाल वाली लगभग 178 वस्तुएं और करीब 6,500 नागा सांस्कृतिक धरोहरें मौजूद हैं।




