यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) की गौरवशाली विरासत का उत्सव मनाने के लिए नौ दिवसीय घूम विंटर फेस्टिवल 2026 शनिवार, 28 नवंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। दिसंबर 1999 में दो फीट की इस नैरो-गेज पहाड़ी रेल को विश्व धरोहर का दर्जा मिलने के 27 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह महोत्सव पर्यटन, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को एक मंच पर लाएगा।
हेरीटेज ट्रेन में 'हिमालयन एआई इनोवेशन' और सांस्कृतिक आयोजन
घूम स्टेशन पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शुरू होने वाले इस उत्सव में स्टेशन महोत्सव, हेरीटेज रन, घूम ओपन-एयर संग्रहालय में फिल्म स्क्रीनिंग, कुर्सियांग में ओपन-एयर वैगन सवारी और छात्रों के लिए रोबोटिक्स कार्यशाला शामिल हैं। तीन दिसंबर को जीडीजी सिलीगुड़ी के सहयोग से हिमालयन एआई इनोवेशन आयोजित होगा, जिसमें छात्र कुर्सियांग से दार्जिलिंग जाने वाली चलती हेरीटेज ट्रेन में स्थानीय संस्कृति से जुड़े एआई समाधान तैयार करेंगे। चार दिसंबर को डीएचआर के इतिहास पर केंद्रित साहित्य उत्सव होगा।
हाल ही में पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा कुर्सियांग और दार्जिलिंग के बीच प्रस्तावित 21 किलोमीटर लंबे रोपवे को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने से कुर्सियांग के 1881 के रेलवे संग्रहालय, 155 वर्ष पुराने सिंगेल टी एस्टेट, ताशी समतेन लिंग मठ और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े शरत चंद्र बोस संग्रहालय के प्रति पर्यटकों की रुचि बढ़ी है।
संकटग्रस्त हिमालयन सैलामैंडर 'टायलो' बना शुभंकर
इस वर्ष महोत्सव का नारा 'घूम का वाइब, सैलामैंडर ट्राइब' रखा गया है और स्थानीय स्तर पर टायलो के नाम से जाने जाने वाले हिमालयन सैलामैंडर को शुभंकर बनाया गया है। आईयूसीएन रेड लिस्ट में संवेदनशील (वल्नरेबल) श्रेणी में दर्ज यह उभयचर 1,100 से 2,317 मीटर की ऊंचाई पर मिलता है। महोत्सव के दौरान स्पिरिट ऑफ द हिल्स अवार्ड्स 2026 में व्हिटली पुरस्कार विजेता पर्यावरणविद बरखा सुब्बा सहित क्षेत्रीय संरक्षणकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।




