बॉम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन के रूप में एन चंद्रशेखरन की तीसरे पांच वर्षीय कार्यकाल के लिए पुनर्नियुक्ति को चुनौती देने वाले दो टाटा ट्रस्ट्स को तत्काल अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि 30 नवंबर को प्रस्तावित टाटा संस बोर्ड की बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार हो सकती है।
अदालत का निर्देश और अगली सुनवाई
सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और आरडी टाटा ट्रस्ट (RDTT) की ओर से गुरुवार को टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ दायर मुकदमों की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति अभय आहूजा की एकल पीठ ने बैठक टालने या चेयरमैन के निर्णायक मत (कास्टिंग वोट) के उपयोग पर रोक लगाने से मना कर दिया। अदालत ने कहा कि बैठक के किसी भी निर्णय का असर अदालत के अंतिम आदेशों के अधीन रहेगा और सभी प्रतिवादियों को जनवरी 2027 की अगली सुनवाई से पहले जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया।
याचिकाओं में SDTT ने 50 करोड़ रुपये और RDTT ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने के साथ 18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज की मांग की है। ट्रस्ट्स का कहना है कि 17 सितंबर को चंद्रशेखरन के कार्यकाल विस्तार से जुड़ा बोर्ड प्रस्ताव कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के अनुच्छेद 104B और 121 के अनुरूप नहीं था।
सकारात्मक मताधिकार और आरबीआई समयसीमा पर दलीलें
17 सितंबर की बोर्ड बैठक में टाटा ट्रस्ट्स द्वारा नामित दो निदेशकों—नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन—ने अलग-अलग रुख अपनाया था। नोएल टाटा ने प्रस्ताव के विरोध में जबकि श्रीनिवासन ने समर्थन में मतदान किया, जिसके बाद तत्कालीन कार्यवाहक चेयरमैन हरीश मनवानी ने अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल कर प्रस्ताव पारित कराया।
SDTT की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने दलील दी कि अनुच्छेद 121 के तहत विशेष अधिकार बनाए रखने के लिए दोनों नामित निदेशकों का सकारात्मक मत आवश्यक है और कास्टिंग वोट इससे ऊपर नहीं जा सकता। वहीं टाटा संस की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने रोक का विरोध करते हुए कहा कि इस व्याख्या से दो निदेशकों के मतभेद पर कंपनी का कामकाज ठप हो सकता है, जबकि लिस्टिंग अनुपालन को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को मध्य दिसंबर तक जवाब भेजना जरूरी है।




