अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में आने वाले दान की गिनती, रिकॉर्ड और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व सुगम बनाने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। इसके तहत ट्रस्ट के अधिकारियों की एक टीम ने महाराष्ट्र के शिरडी साईं मंदिर जाकर वहां की प्रणाली का विस्तृत अध्ययन किया।
2 दिसंबर की बैठक में पेश होगी अध्ययन रिपोर्ट
ट्रस्ट पदाधिकारी स्वामी गोविंद देव गिरी के निर्देश पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जितेंद्र मिश्रा, सचिव व अभियंता जगदीश अफले तथा प्रबंधन अधिकारी सुधांशु ने शिरडी मंदिर की मुख्य लेखाकार मंगला भास्कर वराड़े से पूरी प्रक्रिया समझी। टीम की रिपोर्ट 2 दिसंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में रखे जाने की संभावना है।
अयोध्या में मंदिर का गिनती कक्ष पहले ही यात्री सुविधा केंद्र से स्थानांतरित कर किले के तलघर (बेसमेंट) में कर दिया गया है। इसके साथ ही दानदाताओं के बैठने की व्यवस्था और सिक्कों की गिनती के लिए मशीनों के उपयोग पर भी विचार चल रहा है।
शिरडी मॉडल की प्रमुख सुरक्षा व पारदर्शिता व्यवस्था
अध्ययन में पाया गया कि शिरडी साईं मंदिर में दान सप्ताह में दो बार गिना जाता है और दान पेटियों से नकदी एक विशेष पाइप के माध्यम से सीधे गिनती कक्ष में पहुंचाई जाती है। पेटियों के ताले मंदिर प्रशासन और बैंक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोले जाते हैं।
गिनती करने वाले कर्मचारी बिना जेब वाले कपड़े पहनते हैं और पूरी प्रक्रिया बैंक अधिकारियों, धर्मार्थ आयुक्त तथा सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में होती है। ट्रस्ट की टीम ने नकदी जमा करने के साथ-साथ सोना और चांदी सुरक्षित रखने वाले स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से जायजा लिया।




