मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के दक्षिण सामान्य वन मंडल अंतर्गत सोनेवानी कंजर्वेशन रिजर्व के चिखलाबड्डी क्षेत्र में शुक्रवार, 27 नवंबर की दोपहर बाघ के हमले में बैगा समुदाय के नाबालिग बालक सौरभ मरकाम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना लालबर्रा वन परिक्षेत्र की कल्याणपुर बीट के कक्ष क्रमांक 427 (भाग-दो) में हुई।
बैहर-परसवाड़ा क्षेत्र के कलेगांव-कुमादेही निवासी सुखचंद मरकाम और उनका परिवार पिछले 15 दिनों से बांस कूप कटाई के काम के सिलसिले में लालबर्रा क्षेत्र में ठहरा हुआ था।
मां और मजदूरों के शोर मचाने पर बालक को छोड़कर भागा बाघ
दोपहर के समय परिवार के सदस्य बांस काटने और बंडल बांधने में जुटे थे, जबकि सौरभ पास ही खेल रहा था। इसी दौरान अचानक जंगल से निकले बाघ ने बच्चे को जबड़े में दबोच लिया और लगभग 300 से 500 मीटर दूर जंगल की ओर घसीट ले गया।
मां बुद्धूबाई और अन्य श्रमिकों के शोर मचाकर पीछा करने पर बाघ घायल बालक को छोड़कर जंगल में भाग गया। श्रमिकों ने गमछे से रक्तस्राव रोकने की कोशिश की और मोटरसाइकिल से टेकाड़ी नाका होते हुए उसे लालबर्रा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान बालक ने दम तोड़ दिया।
तात्कालिक मदद और मुआवजे की प्रक्रिया
वन विभाग की ओर से शोकसंतप्त परिवार को 50 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि दी गई है और नियमानुसार 8 लाख रुपये के मुआवजे सहित कुल 8.50 लाख रुपये की आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।




