पुराने भोपाल के ऐतिहासिक गौहर महल में भोपाल पॉटर्स डेवलपमेंट वेलफेयर सोसाइटी द्वारा 26 से 29 नवंबर तक 14वां भोपाल पॉटर्स मार्केट आयोजित किया गया। चार दिवसीय इस आयोजन में देश के करीब 10 शहरों से आए 45 से अधिक सिरेमिक और मिट्टी शिल्प कलाकारों ने अपनी हस्तनिर्मित कृतियों का प्रदर्शन किया।
वरिष्ठ सिरेमिक कलाकारों की विशेष प्रदर्शनी
समारोह की शुरुआत 26 नवंबर की शाम दिल्ली के सुवाजित मंडल व अनिरुद्ध सागर, गोवा की शालिनी डैम और पुडुचेरी की इंद्राणी सिंह कासिम की विशेष प्रदर्शनी से हुई। इसमें प्रकृति, सांस्कृतिक विरासत और तेजी से बढ़ते शहरीकरण को दर्शाती मूर्तियां व सुवाजित मंडल का ऊंचा वर्टिकल सिरेमिक इंस्टॉलेशन प्रमुख आकर्षण रहा।
27 से 29 नवंबर तक सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक खुले बाजार में लोगों ने मिट्टी के बर्तन, आभूषण, सजावटी व दैनिक उपयोग की वस्तुएं खरीदीं और कलाकारों से सीधे निर्माण प्रक्रिया जानी।
लाइव चाक, ओबवारा फायरिंग और लोक संगीत
आयोजन में आगंतुकों ने स्वयं चाक पर मिट्टी के बर्तन गढ़ने का अनुभव लिया और विशेष पारंपरिक ओबवारा फायरिंग तकनीक का प्रदर्शन देखा। परिसर में लाइव ड्रम सर्कल तथा भोपाल बेकहाउस एंड कैफे के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 27 नवंबर को आरुषि और मुस्कान संस्था के बच्चों की प्रस्तुति हुई, जबकि 29 नवंबर की शाम राजस्थान के लोक संगीतकारों ने सजीव संगीत प्रस्तुति दी।




