मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा और सिवनी जिलों में कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों को पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के लिए वेनगंगा कछार के अंतर्गत चल रही सिंचाई परियोजनाओं को गति दी जा रही है। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मंत्रालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में इन परियोजनाओं की भौतिक प्रगति, नहरों के निर्माण और जल वितरण व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं के पूरा होने के बाद सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों के लगभग तीन लाख हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे बड़ी संख्या में किसानों की कृषि उत्पादकता और आय बढ़ने की उम्मीद है।
मंत्री सिलावट ने पेंच व्यपवर्तन परियोजना की नहरों, छिंदवाड़ा सिंचाई परियोजना, पेंच माइक्रो-1 एवं माइक्रो-2, शेर सिंचाई परियोजना तथा मछरेवा व मांडवा सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की अलग-अलग समीक्षा की। बैठक में जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव, प्रमुख अभियंता विनोद कुमार देवड़ा और संबंधित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मंत्री ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी स्तर पर समझौता न हो और प्रत्येक 15 दिन में परियोजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से केवल कागजी रिपोर्ट पर निर्भर न रहकर निर्माण स्थलों का मैदानी निरीक्षण करने तथा दीर्घकालिक जल प्रबंधन और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
फोटो: Narwariya / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)




