काशी आने वाले देशी और विदेशी सैलानी अब बिना किसी गाइड के भी हर घाट की ऐतिहासिक कहानी सुन सकेंगे। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर नमो घाट से "वाराणसी 84 घाट ऑडियोबुक-ऑडियो टूर" की शुरुआत की।
15 भाषाओं में जीपीएस और ऑफलाइन सुविधा
यूपी पर्यटन के एंड्रॉयड व आईओएस मोबाइल ऐप तथा आधिकारिक वेबसाइट पर बिना लॉगिन के उपलब्ध इस सेवा में वाराणसी के सभी 84 घाटों के लिए अलग-अलग ऑडियो अध्याय तैयार किए गए हैं। यात्री इसे हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, उड़िया, मलयालम व उर्दू सहित 10 भारतीय भाषाओं और फ्रेंच, जर्मन, स्पैनिश, जापानी व कोरियाई समेत 5 विदेशी भाषाओं में सुन सकते हैं।
"स्टार्ट टूर एट लोकेशन" फीचर जीपीएस के जरिए काम करता है, जिससे पैदल चलते हुए या नाव की सवारी के दौरान घाट बदलते ही अगला ऑडियो अपने आप शुरू या विराम लेता है। कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों के लिए "इनेबल ऑफलाइन/रिमोट टूर" विकल्प, इंटरैक्टिव मैप और प्रोग्रेस ट्रैकिंग भी जोड़े गए हैं।
देव दीपावली पर सांस्कृतिक और आर्थिक रौनक
इस डिजिटल पहल का शुभारंभ ऐसे समय हुआ जब देव दीपावली पर काशी में भारी भीड़ उमड़ी। पर्यटन एवं संस्कृति के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के अनुसार उत्सव के दौरान लगभग 15 लाख पर्यटकों के आगमन और 400 से 500 करोड़ रुपये के स्थानीय कारोबार का अनुमान रहा।
समारोह में 2,100 ड्रोन का भव्य शो और चेत सिंह किले पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग भी आकर्षण का केंद्र रहे, जबकि यह ऑडियो टूर साल भर आने वाले यात्रियों के लिए स्थायी डिजिटल साथी बनेगा।




