संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास सम्मेलन (UNCTAD) की नवंबर 2026 की ग्लोबल ट्रेड अपडेट रिपोर्ट के अनुसार दुनिया पेरिस समझौते के 1.5°C लक्ष्य को पार करने की राह पर है। वर्ष 2025 में वैश्विक औसत तापमान पूर्व-औद्योगिक स्तर से लगभग 1.4°C अधिक दर्ज किया गया।
आर्थिक जोखिम और स्वच्छ ऊर्जा व्यापार में उछाल
रिपोर्ट में बताया गया है कि 2015 से 2025 के बीच पृथ्वी ने अब तक के 11 सबसे गर्म वर्ष देखे। रिपोर्ट में उद्धृत आकलनों के मुताबिक यदि तापन 3°C तक पहुंचता है तो वैश्विक जीडीपी के 10% के बराबर नुकसान हो सकता है, जबकि भूमध्यरेखा के निकट गरीब देशों में यह क्षति 17% तक पहुंच सकती है।
दूसरी ओर हरित उद्योगों का व्यापार तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2025 में सौर और पवन ऊर्जा मूल्य श्रृंखलाओं का वैश्विक निर्यात 1.8 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो गया। विकासशील अर्थव्यवस्थाओं ने भी 2024 में 1.3 ट्रिलियन डॉलर के जैवविविधता उत्पाद, 2025 में 1.2 ट्रिलियन डॉलर की समुद्री वस्तुएं-सेवाएं और 2024 में अनुमानित 204 अरब डॉलर के गैर-प्लास्टिक विकल्प निर्यात किए।
व्यापार समझौतों में क्रियान्वयन का अंतर
2016 से 2021 के बीच हुए आधे से अधिक व्यापार समझौतों में जलवायु प्रावधान शामिल किए गए, जबकि 1990–2015 के दौरान यह आंकड़ा 18% था। हालांकि 2023–2025 के आठ समझौतों में पहचाने गए 179 जलवायु प्रावधानों में से केवल 7% ही शुल्क और गैर-शुल्क व्यापार बाधाएं घटाने से जुड़े हैं।
अंकटाड ने कहा कि जलवायु अनुकूलन और उत्सर्जन घटाने वाली तकनीकों को सस्ता व सुलभ बनाने के लिए गहरे अंतरराष्ट्रीय व्यापार सहयोग और विकासशील देशों की स्थानीय क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता है।




