उज्जैन — सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शहर की संकरी गलियों में आग की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण के लिए उज्जैन नगर निगम अपनी अग्निशमन व्यवस्था को आधुनिक बना रहा है। इसके तहत करीब छह करोड़ रुपये की लागत से 76 फर्स्ट रिस्पॉन्डर फायर बाइक खरीदी जाएंगी।
नगर निगम के अनुसार इन फायर बाइकों की आपूर्ति अगले छह महीनों में पूरी कर ली जाएगी। ये दोपहिया वाहन उन भीड़भाड़ वाले इलाकों और तंग गलियों तक आसानी से पहुंच सकेंगे, जहां बड़ी दमकल गाड़ियों का जाना मुश्किल होता है।
वाटर-मिस्ट तकनीक से बुझेगी शुरुआती आग
प्रत्येक फायर बाइक के दोनों ओर कम से कम 40 लीटर क्षमता के पानी के टैंक लगाए जाएंगे। इनमें आधुनिक वाटर-मिस्ट तकनीक का उपयोग होगा, जो पानी की महीन बूंदों के जरिए आग की गर्मी को तेजी से कम कर शुरुआती लपटों को फैलने से पहले ही काबू कर लेती है।
सिंहस्थ मेला क्षेत्र और पुराने शहर के घने इलाकों में पारंपरिक दमकलों के साथ ये त्वरित प्रतिक्रिया बाइक आपात स्थिति में शुरुआती मिनटों में बड़ा बचाव कवच प्रदान करेंगी।




