उज्जैन, मध्य प्रदेश: उज्जैन-गरोठ नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह (28 नवंबर) तेज रफ्तार सीमेंट से भरे ट्राले ने सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए और इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिपलिया धम्मा के पास गड्ढे भरने के दौरान हुई दुर्घटना
झारडा थाना प्रभारी (टीआई) सुरेंद्र गरवाल ने बताया कि हादसा सुबह करीब 10 बजे पिपलिया धम्मा के पास उस समय हुआ, जब हाईवे पर गड्ढे भरने का मरम्मत कार्य चल रहा था। काम के चलते पिकअप सड़क किनारे खड़ी थी, तभी गरोठ से उज्जैन की ओर आ रहे सीमेंट की बोरियों से लदे ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी।
घायलों को आगर जिला अस्पताल से किया गया रेफर
टक्कर के बाद पिकअप और ट्राला दोनों सड़क पर पलट गए, जिससे हाईवे की सुरक्षा रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई और सीमेंट की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल आगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आगे रेफर कर दिया गया।
सूचना पर झारडा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर हाईवे का यातायात सुचारु कराया। हादसे के बाद मौके से फरार हुए ट्राला चालक की तलाश की जा रही है।




