भारत की 17 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने शनिवार (28 नवंबर 2026) को लखनऊ में शानदार वापसी करते हुए हमवतन उन्नति हुड्डा को 11-21, 21-10, 21-13 से हराकर सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में जगह बना ली।
दूसरी वरीयता प्राप्त तन्वी को पहले गेम में कई सहज गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा और तीसरी वरीय उन्नति ने 9-2 की शुरुआती बढ़त के साथ पहला गेम 21-11 से जीत लिया। हालांकि दूसरे गेम में छोर बदलने के बाद तन्वी ने तेज रैलियों और सटीक नेट प्ले के दम पर 7-1 की बढ़त बनाई, ब्रेक तक 11-4 से आगे रहीं और 21-10 से मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
निर्णायक तीसरे गेम में भी तन्वी का दबदबा कायम रहा। उन्होंने 6-3 और 9-6 की बढ़त के बाद ब्रेक तक पांच अंकों का अंतर बनाया और स्कोर 17-9 तक पहुंचा दिया। सात मैच प्वाइंट हासिल करने के बाद तन्वी ने उन्नति के शॉट बाहर जाने पर जीत पक्की की। इस वर्ष ताइपे ओपन सुपर 300 खिताब जीत चुकीं तन्वी का यह सत्र का दूसरा बड़ा फाइनल है।
रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में तन्वी का सामना थाईलैंड की चौथी वरीय सुपानिडा काटेथोंग से होगा, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में जापान की शीर्ष वरीय रिको गुंजी को 21-16, 20-22, 21-10 से हराया। मिश्रित युगल सेमीफाइनल में भारत के सात्विक रेड्डी कनपुरम और रेशिका उथयासूरियन को मलेशिया की जोड़ी से 17-21, 18-21 से हार मिली।




