मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामस्थान स्थित भिलाई जेपी सीमेंट प्लांट की एक्सप्लोसिव मैगजीन में बड़ी सेंधमारी की घटना सामने आई है। करीब 15 अज्ञात नकाबपोश बदमाश मुख्य गेट फांदकर भीतर घुसे और खनन कार्यों के लिए रखे गए 1,120 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर व तड़ित चालक (अर्थिंग) में लगी तांबे की पट्टियां समेटकर फरार हो गए। घटना के समय परिसर की सुरक्षा में केवल दो निजी गार्ड तैनात बताए गए हैं।
माइंस व सेफ्टी निरीक्षण में खुला चोरी का राज
कोलगवां थाना क्षेत्र की बाबूपुर पुलिस चौकी में प्लांट के सुरक्षा प्रमुख विनोद सिंह ने 24 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे लिखित शिकायत दर्ज कराई। चौकी प्रभारी शुभम नगभिरे के अनुसार प्लांट की माइंस एवं सेफ्टी टीम द्वारा नियमित निरीक्षण किए जाने पर मैगजीन का ताला टूटा होने और बड़ी संख्या में डेटोनेटर गायब होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया।
अवैध खनन गिरोह और सुरक्षा चूक पर पुलिस की नजर
इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री चोरी होने से पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। जांच दल मौके पर तैनात दोनों गार्डों से पूछताछ करने के साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर लोकेशन खंगाल रहा है।
पुलिस इस एंगल से भी पड़ताल कर रही है कि वारदात के पीछे कोटर व बिरसिंहपुर क्षेत्र में सक्रिय अवैध खनन गिरोहों का हाथ है या कोई बाहरी संगठित गैंग इसमें शामिल है।




